दिल्ली में वोटर लिस्ट अपडेट अभियान 30 जून से शुरू, घर-घर जाकर फॉर्म देंगे बीएलओ
दिल्ली में मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) के विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 30 जून 2026 से होने जा रही है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। निर्वाचन विभाग ने साफ किया है कि इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सभी मतदाताओं से समय पर फॉर्म भरकर वापस जमा करने की अपील की गई है ताकि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल हो सके।
30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा घर-घर अभियान
निर्वाचन विभाग ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ प्रत्येक घर का दौरा करेंगे। इस दौरान हर पंजीकृत मतदाता को दो-दो इन्यूमरेशन फॉर्म दिए जाएंगे। सभी बीएलओ को पहले ही फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और वे तय कार्यक्रम के अनुसार अभियान शुरू करेंगे।

मतदाताओं को 29 जुलाई तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। जैसे ही उन्हें फॉर्म मिल जाए, वे उसे भरकर उसी दिन या सुविधानुसार अगले कुछ दिनों में अपने बीएलओ को वापस जमा कर सकते हैं।
ऑनलाइन भी उपलब्ध होगी फॉर्म भरने की सुविधा
निर्वाचन विभाग ने ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है। मतदाता चाहें तो पोर्टल से इन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन भर सकते हैं।
हालांकि ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद भी बीएलओ घर जाकर उसका सत्यापन करेंगे। इसके बाद बीएलओ मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से सभी फॉर्म का डिजिटाइजेशन कर उन्हें सिस्टम में अपलोड करेंगे।
समय पर फॉर्म जमा करना क्यों जरूरी है
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में शामिल किया जाएगा, जिनके भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म निर्धारित समय तक प्राप्त हो जाएंगे।
यदि कोई मतदाता 29 जुलाई तक फॉर्म जमा नहीं कर पाता है तो उसका नाम प्रारंभिक ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो सकेगा। हालांकि ऐसे मतदाताओं के लिए भी आगे मौका दिया जाएगा।
फॉर्म छूट जाए तो क्या करें
यदि किसी कारणवश कोई मतदाता निर्धारित समय सीमा तक इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कर पाता है तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलने वाले क्लेम्स एंड ऑब्जेक्शन की अवधि में संबंधित व्यक्ति फॉर्म-6 और निर्धारित डिक्लेरेशन फॉर्म (एनेक्स-डी) भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।
यह भी पढ़ें : 1 जुलाई से बदल जाएंगे रेलवे के नियम! बिना टिकट यात्रा पर ₹500 जुर्माना, दूसरे के टिकट पर सफर भी पड़ेगा भारी
निर्वाचन विभाग ने जारी किया पूरा कार्यक्रम
| गतिविधि | तारीख |
|---|---|
| बीएलओ द्वारा घर-घर फॉर्म वितरण | 30 जून से 29 जुलाई 2026 |
| पोलिंग स्टेशनों का रेशनलाइजेशन | 29 जुलाई 2026 तक |
| ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल का प्रकाशन | 5 अगस्त 2026 |
| क्लेम्स एवं ऑब्जेक्शन की अवधि | 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 |
| दावों एवं आपत्तियों का निपटारा | 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 |
| अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन | 7 अक्टूबर 2026 |
13 हजार से अधिक बूथों पर तैनात हैं बीएलओ
निर्वाचन विभाग के अनुसार दिल्ली में कुल 13,033 मतदान केंद्र हैं और प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की नियुक्ति की जा चुकी है।

सभी बीएलओ को दो सेट में इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं ताकि प्रत्येक मतदाता तक समय पर फॉर्म पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही बीएलओ अपने मोबाइल ऐप के जरिए फॉर्म प्राप्त करने, सत्यापन करने और पोर्टल पर अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
राजनीतिक दल भी करेंगे समानांतर निगरानी
निर्वाचन विभाग ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ दो बैठकें की जा चुकी हैं।
राजनीतिक दलों ने अपने स्तर पर बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति भी की है। ये प्रतिनिधि बीएलओ की कार्यवाही पर समानांतर निगरानी रखेंगे ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाए गए वीडियो और एफएक्यू
मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने विस्तृत एफएक्यू जारी किए हैं। साथ ही ऐसे वीडियो भी तैयार किए गए हैं जिनमें बताया गया है कि अपना नाम कैसे खोजें, इन्यूमरेशन फॉर्म कैसे भरें और किन बातों का विशेष ध्यान रखें।
करीब 15 से 20 मिनट का विस्तृत मार्गदर्शन वीडियो भी सार्वजनिक किया जा रहा है ताकि लोग सही तरीके से फॉर्म भर सकें। अधिकारियों का कहना है कि यदि फॉर्म सही तरीके से भरे जाएंगे तो त्रुटियां कम होंगी और नोटिस जारी करने की आवश्यकता भी कम पड़ेगी।
यह भी पड़े : राहुल गांधी की कुल संपत्ति कितनी है? जानिए कितने करोड़ के मालिक हैं कांग्रेस नेता राहुल गांधी
दिल्ली में कितने हैं पंजीकृत मतदाता
निर्वाचन विभाग के अनुसार 16 जून 2026 को मतदाता सूची को फ्रीज किया गया था। इसी सूची के आधार पर सभी इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जाएंगे।
उस समय दिल्ली में कुल 1,45,10,298 पंजीकृत मतदाता थे।
इनमें श्रेणीवार संख्या इस प्रकार है—
| मतदाता वर्ग | संख्या |
|---|---|
| कुल मतदाता | 1,45,10,298 |
| पुरुष मतदाता | 77,11,132 |
| महिला मतदाता | 67,98,142 |
| थर्ड जेंडर मतदाता | 1,024 |
इन्हीं आंकड़ों के आधार पर फॉर्म वितरण होगा और बाद में प्राप्त फॉर्म के अनुपात के अनुसार ड्राफ्ट एवं अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी।




